यमुनापार में एम्स अस्पताल बनने से कई जिलों को मिलेगा लाभ- सत्यम शुक्ला


पवन प्रभात प्रयागराज। प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में एम्स अस्पताल बनाए जाने की मांग अब लगातार तेज होती जा रही है। भाजपा नेता सत्यम शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर यमुनापार में एम्स की स्थापना की मांग की है।
गुरुवार को नैनी में आयोजित प्रेस वार्ता में सत्यम शुक्ला ने कहा कि प्रयागराज में एम्स बनने से सिर्फ जिले ही नहीं बल्कि आसपास के कई जिलों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि मिर्जापुर, चित्रकूट, बांदा, महोबा, कानपुर, फतेहपुर, कौशांबी समेत कई जनपदों के मरीज इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने को मजबूर होते हैं।
उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों को लखनऊ, वाराणसी और रायबरेली तक ले जाना कई बार जानलेवा साबित होता है। यदि प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में एम्स की स्थापना होती है तो गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा और आर्थिक बोझ भी कम होगा।
सत्यम शुक्ला ने कहा कि प्रयागराज भौगोलिक दृष्टि से कई जिलों के बीच महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यहां एम्स बनने से पूरे बुंदेलखंड और आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल लाखों लोगों के लिए जीवनदान साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!