आबादी के बीच माचिस गोदाम को हटाने की उठाई मांग

पवन प्रभात खागा/फतेहपुर। कस्बे के रामनगर मोहल्ले में आबादी के बीच संचालित किए जा रहे माचिस के गोदाम को हटाने की मांग को लेकर एक मोहल्लेवासी ने एसडीएम से शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने गोदाम के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। रामनगर मोहल्ला निवासी ताराचंद्र पांडेय ने एसडीएम अश्विनी पांडेय को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मोहल्ले में काफी वर्षों से एक व्यापारी द्वारा दुकान के साथ माचिस का गोदाम बनाया गया है। आबादी वाले क्षेत्र में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखे जाने से किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी रहती है। शिकायतकर्ता के अनुसार मोहल्ले में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं और गोदाम के आसपास आवासीय मकान भी हैं। ऐसे में माचिस का भंडारण स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम को आबादी से हटाकर सुरक्षित स्थान पर कराया जाना आवश्यक है, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।शिकायतकर्ता ने प्रशासन से गोदाम की जांच कराने तथा माचिस के भंडारण से संबंधित नियमों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ताराचंद्र पांडेय ने एसडीएम से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराने और यदि गोदाम नियमों के विपरीत संचालित पाया जाए तो उसे तत्काल हटवाने की मांग की है। शिकायत के बाद अब मोहल्लेवासियों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!