गौ सम्मान आह्वान अभियान में राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

पवन प्रभात फतेहपुर। गोमाता की सेवा, सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत सोमवार को जिले में अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने जिला संयोजक धर्मेन्द्र सिंह जनसेवक के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने गोसंरक्षण से जुड़ी विभिन्न मांगों पर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। अभियान के प्रतिनिधियों ने बताया कि देशभर में कई महीनों से जनजागरण एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। उनका दावा है कि दूसरे चरण में 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों के साथ सरकार को अनुस्मारक (रिमाइंडर) प्रार्थना पत्र भेजा गया है। जनपद से भी बड़ी संख्या में लोगों के समर्थन के साथ ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में गोहत्या निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाए जाने, गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा कृषि, पर्यावरण, शिक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी गो-केंद्रित नीतियां लागू करने सहित 30 से अधिक मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस दौरान गोपूजन, भजन-कीर्तन और शांतिपूर्ण प्रार्थना यात्रा भी निकाली गई। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम के स्वरूप, गोमाता की झांकी तथा अभियान के संदेशों का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपा। अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक जनआंदोलन है। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं, व्यापारियों तथा बड़ी संख्या में गोभक्त मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!