साध्वी निरंजन ज्योति ने रेल मंत्री से मुलाकात कर खागा और बिंदकी रोड स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग

पवन प्रभात फतेहपुर। जनपद में रेल यात्रियों की सुविधाओं और विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग, भारत सरकार साध्वी निरंजन ज्योति ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फतेहपुर जिले से जुड़ी रेल संबंधी समस्याओं और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों से रेल मंत्री को अवगत कराया।
साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रमुख रूप से तीन मांगें रेल मंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने गाड़ी संख्या 22589/22590 अमृत भारत एक्सप्रेस के खागा रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग की। यह ट्रेन बनारस से चलकर पुणे-मुंबई की ओर जाती है। खागा में ठहराव होने से क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने गाड़ी संख्या 15483/15484 सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के बिंदकी रोड रेलवे स्टेशन पर ठहराव की भी मांग रखी। यह ट्रेन नई दिल्ली से संचालित होती है। बिंदकी रोड स्टेशन के आसपास चौडगरा औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में यात्रियों और कामगारों का आवागमन रहता है, जिससे इस ठहराव से क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
साध्वी निरंजन ज्योति ने 64593/64594 फतेहपुर-कानपुर मेमू ट्रेन का विस्तार कर इसे खागा रेलवे स्टेशन से कानपुर तक संचालित किए जाने की मांग भी की। इससे खागा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को कानपुर आवागमन में काफी सुविधा होगी।साध्वी निरंजन ज्योति के निजी सहयोगी शिव प्रताप सिंह ने मंगलवार शाम 7 बजे जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र ही सुझावों के अनुपालन का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!