पवन प्रभात असोथर/फतेहपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर जिले में अवैध और मानकों के विपरीत संचालित स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को असोथर कस्बे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने चश्मे की दुकान की आड़ में चल रहे दृष्टि आई केयर नामक नर्सिंग होम को सील कर दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी शैलेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम दोपहर लगभग तीन बजे इस प्रतिष्ठान पर पहुंची। गहन जांच के बाद टीम ने दृष्टि आई केयर को सील करने की प्रक्रिया पूरी की। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
पीएचसी प्रभारी शैलेश कुमार वर्मा ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर क्षेत्र में संचालित सभी स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में मानकों के विपरीत या आवश्यक अनुमति के बिना संचालित पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में दृष्टि आई केयर को सील किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना मानकों और आवश्यक अनुमति के स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वालों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय निवासियों ने इस अभियान को जारी रखने और अन्य ऐसे स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों की भी जांच करने की मांग की है।
