फर्राटा पंखे का प्लग लगाते ही लगा जोरदार करंट, युवक ने मौके पर तोड़ा दम

पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बसापुरा मजरे तारापुर में शुक्रवार सुबह फर्राटा पंखे का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार बसापुरा मजरे तारापुर गांव निवासी आनंद शंकर के पुत्र देव नारायण शुक्रवार सुबह घर में फर्राटा पंखे का तार लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गए। करंट का तेज झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।परिजनों को हादसे की जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर हुसैनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के छोटे भाई श्याम नारायण ने पोस्टमार्टम हाउस में घटना के संबंध में जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक देव नारायण की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के उपकरणों में काम करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। हादसे के बाद लोगों ने बिजली के तार और उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!