एआई दिखाएगा बच्चों के सपनों की तस्वीर, फतेहपुर में करियर को लेकर नई पहल शुरू

पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के विद्यार्थियों को उनके सपनों और भविष्य के करियर से जोड़ने के लिए एक अभिनव पहल शुरू की जा रही है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के मार्गदर्शन में जनपद में ‘पिक्चर योर फ्यूचर’ अभियान की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य के लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।खास बात यह है कि एआई तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों की तस्वीरें उनके सपनों के पेशे और भूमिका के अनुरूप तैयार कर विद्यालयों में प्रदर्शित की जाएंगी। इससे बच्चे खुद को डॉक्टर, पुलिस अधिकारी, शिक्षक, इंजीनियर, वैज्ञानिक, पायलट, सैनिक समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पसंद की भूमिका में देख सकेंगे।
अभियान का उद्देश्य बच्चों में भविष्य को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें अपने सपनों को लक्ष्य में बदलने के लिए प्रेरित करना है। एआई से तैयार तस्वीरों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह अनुभव कराया जाएगा कि वे भविष्य में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर किस मुकाम तक पहुंच सकते हैं। विद्यालयों में इन तस्वीरों को प्रदर्शित कर बच्चों के भीतर यह विश्वास पैदा किया जाएगा कि आज का विद्यार्थी मेहनत और सही दिशा में प्रयास के जरिए कल अपने सपनों को साकार कर सकता है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल सपने देखने के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचानकर भविष्य का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
शिक्षकों और अभिभावकों की सहभागिता से बच्चों को उनके चुने हुए लक्ष्य की दिशा में लगातार मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया जाएगा। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में शुरू की जा रही यह पहल विद्यार्थियों में करियर को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उन्हें पढ़ाई के प्रति अधिक गंभीर और लक्ष्य-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।अभियान के जरिए बच्चों को यह संदेश दिया जाएगा कि सपनों को सिर्फ देखा नहीं जाता, बल्कि लक्ष्य बनाकर उन्हें हासिल भी किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!