पवन प्रभात खागा/फतेहपुर। शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं अन्य कर्मचारियों के अलावा उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में विधानसभा स्तरीय रसोइया सम्मान समारोह एवं मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 30 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह, समीक्षा अधिकारी यतींद्र कुमार मिश्रा एवं एडीओ कृषि देवेंद्र कुमार मिश्रा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंबिका प्रसाद मिश्रा ने किया।
नोडल अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी हथगाम नरेंद्र सिंह ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों एवं अन्य कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों के स्वास्थ्य संरक्षण और आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक लाभार्थी परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे गंभीर बीमारी अथवा महंगे उपचार की स्थिति में परिवारों को आर्थिक परेशानी से राहत मिलेगी।उन्होंने बताया कि योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से किया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर रही है। डीबीटी के माध्यम से एक करोड़ से अधिक बच्चों को 1200 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने शिक्षक-कर्मचारियों के वेतन खाते भारतीय स्टेट बैंक में होने पर प्रस्तावित एमओयू के तहत मिलने वाले विभिन्न लाभों की भी जानकारी दी।एसडीएम ने भी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए लागू मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 30 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए गए। वहीं, रसोइयों के सम्मान के माध्यम से उनके योगदान की भी सराहना की गई।कार्यक्रम के अंत में जिला महामंत्री विजय कुमार त्रिपाठी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय कुमार त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, आकाश कुमार सिंह, एआरपी रघुराज मौर्य, समर बहादुर सिंह, दीपक मौर्य, शेष नारायण दुबे, अजय सिंह, हरि भूषण सिंह, रंजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
