स्टेयरिंग फेल होने से निजी बस पलटी,चार यात्री घायल,हादसा टला

पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के धाता थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब दो बजे एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा नरसिंहपुर कबरहा गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास हुआ। बस धाता से महेवाघाट जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस की स्टेयरिंग फेल हो गई थी और सड़क किनारे नाली निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी सड़क पर फैली होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दुर्घटना हुई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से बस को सीधा कराया गया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस दुर्घटना में चार यात्री घायल हुए हैं। घायलों की पहचान धाता निवासी धनपत देवी, खोपां (चित्रकूट) निवासी कविता देवी, रंगोलीपुर निवासी जितेंद्र और सेमरी निवासी पुष्पा के रूप में हुई है। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। बस के अन्य यात्रियों को दूसरी बस से महेवाघाट के लिए रवाना किया गया। किसी भी यात्री को गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे निर्माण कार्य के दौरान हटाई गई मिट्टी को व्यवस्थित नहीं किया गया था, जिससे आवागमन में बाधा आ रही थी। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और सड़क पर फैली मिट्टी को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!