बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत,दूसरा गंभीर रुप से घायल

पवन प्रभात असोथर/फतेहपुर। जिले के असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराय खालिस पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कल्लू पासवान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवा दिया।जानकारी के अनुसार, अपाचे बाइक सवार पंकज पासवान (20) पुत्र स्व. राधेलाल पासवान निवासी हरनवा थाना असोथर, रिश्तेदारी से लौट रहा था। मेडी का पुरवा और टीकर के बीच सेंट वीएन इंग्लिश मीडियम स्कूल के पास सामने से आ रही हीरो स्प्लेंडर से उसकी भिड़ंत हो गई।हीरो स्प्लेंडर सवार कल्लू पासवान (24) पुत्र चैतू निवासी सातों धरमपुर मजरे सूबेदार का पुरवा थाना असोथर, सुबह असोथर बाजार से घर लौट रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
कल्लू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई सनी (18) और सचिन (13) हैं। उसकी शादी नहीं हुई थी। मां भिखनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। कल्लू की दो बहनें भी हैं—गुड़िया (28) और गायत्री देवी। बड़ी बहन गुड़िया की शादी वर्ष 2018 में घूरी थाना थरियांव में हुई थी। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं तथा करीब एक बीघा खेत है।वहीं दूसरे घायल पंकज पासवान का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। वह दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई मुकेश पूना में निजी कंपनी में मजदूरी करता है और सूचना मिलने पर घर के लिए रवाना हो चुका है।थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!