पवन प्रभात हथगाम/फतेहपुर। जिले में खाद की भारी किल्लत और कालाबाजारी की बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर रखते हुये शनिवार को विजय कुमार सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी जिला सहकारी बैंक फतेहपुर के द्वारा हथगाम ब्लॉक के ईटैली साधन सहकारी समिति का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद किसानों से सीधे संवाद स्थापित किया और खाद वितरण की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने सहकारी समिति को आधुनिक तकनीक और संसाधनों का उपयोग कर प्रभावी एवं आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया।
विजय कुमार ने बताया कि वह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि जिले में किसानों को खाद की कोई कमी न हो और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही,उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यदि किसी भी विक्रेता द्वारा खाद की कालाबाजारी की गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समिति के सचिव प्रमोद सिंह को पारदर्शिता के साथ खाद वितरण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सचिव/मुख्य कार्य पालक अधिकारी ने वितरण व्यवस्था के रजिस्टर और खाद गोदाम का भी निरीक्षण किया।

समिति पर यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिली। निरीक्षण के दौरान जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक बच्छराज सिंह समिति के सचिव प्रमोद सिंह, सहित क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।
