होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय, 600 किलो रंगीन कचरी व 71 किलो सरसों तेल किया जब्त,चार नमूने जांच को भेजे गए

पवन प्रभात फतेहपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर होली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन को मानक अनुरूप खोया, मिठाई, रंगीन कचरी, दूध, पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
विशेष अभियान के तहत मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में टीम ने जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 4 विधिक नमूने संग्रहित किए। साथ ही 600 किलोग्राम रंगीन कचरी एवं 71 किलोग्राम सरसों का तेल जब्त किया गया। कार्रवाई के क्रम में सौंरा, मलवां स्थित गीता फूड प्रोडक्ट्स (प्रो. गीता देवी) से रंगीन कचरी का 1 नमूना जांच हेतु लिया गया तथा मौके पर 600 किलोग्राम रंगीन कचरी जब्त की गई। जब्त माल का अनुमानित मूल्य लगभग ₹21,000 बताया गया। चौक खागा स्थित जमील अहमद के प्रतिष्ठान से सरसों तेल के 2 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए तथा 58 किलोग्राम सरसों तेल (अनुमानित मूल्य ₹9,280) जब्त किया गया। जयपुरिया स्कूल के निकट स्थित मनीष प्रताप सिंह के प्रतिष्ठान से सरसों तेल का 1 नमूना जांच हेतु लिया गया तथा 13 किलोग्राम सरसों तेल (अनुमानित मूल्य ₹2,470) जब्त किया गया। संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट, 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए गए कि खाद्य पदार्थों को ढककर रखें, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखें, मिलावट रहित व गुणवत्ता युक्त सामग्री ही बेचें तथा बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित न करें। मौके पर उपस्थित आमजन को भी मिलावट से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र, सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित एवं अनुराधा कुशवाहा शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!