तीन महीने से लापता बेटियों का नही लगा सुराग,गुलाबी गैंग ने सुल्तानपुर घोष थाने का किया घेराव

पवन प्रभात खागा/फतेहपुर। खागा तहसील के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा की बदहाल स्थिति को लेकर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने थाने का घेराव किया। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों के साथ थाने पहुंचा। उन्होंने लापता बेटियों की अब तक बरामदगी न होने पर पुलिस के खिलाफ गहरी नाराजगी व्यक्त की।गुलाबी गैंग की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने बताया कि ग्राम घोषिन का पुरवा मजरे खरगूपुर की एक नाबालिग बच्ची को तीन महीने पहले अगवा किया गया था। इस मामले में अपराध संख्या 202/2025 (धारा 87 व 137(2) बी.एन.एस.) के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज है। हालांकि, पुलिस की शिथिल कार्यशैली के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित मां प्रेमा देवी आज भी न्याय के लिए भटक रही हैं।इसी थाना क्षेत्र से एक और छात्रा पिछले 12 दिनों से लापता है। वह स्कूल गई थी लेकिन घर वापस नहीं लौटी। पीड़ित परिजनों ने पांच संदिग्ध नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें बेटी को जबरदस्ती अगवा करने का आरोप है। परिजनों में गहरा दुख और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने थाना प्रभारी से सीधी बातचीत में पुलिस के खुफिया तंत्र और गश्त पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “एक ओर सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर सुल्तानपुर घोष पुलिस बेटियों को ढूंढने में नाकाम साबित हो रही है।” उन्होंने यह भी बताया कि तीन माह बीत जाने के बाद पुलिस ने आज से नाबालिग को खोजने की प्रक्रिया शुरू की है, जो पुलिस की निष्क्रियता को दर्शाता है।हेमलता पटेल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोनों मामलों में तत्काल बरामदगी सुनिश्चित नहीं की गई और दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक थाने का घेराव कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान मुख्य रूप से राजरानी, सरला सिंह, सुनीता, संयोगिता, रानी और पीड़ित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!