भाजपा नेता पर पुश्तैनी जमीन बेचने का आरोप, बुजुर्ग ने प्रभारी मंत्री से की शिकायत

पवन प्रभात फतेहपुर। एक बुजुर्ग ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे और जबरन प्लॉटिंग का आरोप लगाते हुए प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल को शिकायत पत्र सौंपा है।
शिकायत में एक भाजपा नेता और कथित भूमाफियाओं पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फतेहपुर नई तहसील के पास, जेल रोड महमूदपुर निवासी बसंतलाल पुत्र स्व. गंगादीन ने बताया कि मौजा हबीबपुर, परगना तहसील व जिला फतेहपुर स्थित उनकी पुश्तैनी जमीन गाटा संख्या 236 (रकबा 0.4210 हेक्टेयर) पर अवैध रूप से कब्जा कर प्लॉटिंग की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गाटा संख्या 234 और 235 को उन्होंने विधिवत बैनामा के माध्यम से अन्य व्यक्तियों को बेचा था। बसंतलाल के अनुसार, उनकी शेष भूमि गाटा संख्या 236 आज भी खतौनी में उनके नाम दर्ज है। इसके बावजूद, इस भूमि को जबरन प्लॉटिंग कर बेच दिया गया है और कुछ खरीदारों ने इस पर मकान निर्माण भी करा लिया है।उन्होंने शिकायत में यह भी कहा है कि बार-बार आपत्ति जताने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। बसंतलाल ने आरोप लगाया कि यह पूरा कार्य राजनीतिक संरक्षण में हो रहा है और नगर पालिका के माध्यम से इस पर सड़क निर्माण भी करवाया गया है।
बसंतलाल ने मामले की निष्पक्ष जांच, अवैध कब्जा हटाने, अवैध निर्माण ध्वस्त कराने और कथित भूमाफियाओं के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में भी इसी प्रकार की सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी जांच आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!