पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सेमरा मजरे टीकर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक घर पर हमला हुआ है। इस घटना में एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सेमरा मजरे टीकर निवासी गुलाब सिंह पुत्र दुर्गा प्रसाद ने असोथर थाने में दी तहरीर में बताया कि यह घटना 24 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे हुई। गांव के भुस्सू यादव पुत्र रामलाल, लालसिंह पुत्र भुस्सू, सुमन पत्नी कल्लू और अभिषेक पुत्र कल्लू पुरानी रंजिश के कारण लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए।आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस मारपीट में गुलाब सिंह, उनकी पत्नी गीता देवी, भाई लाल सिंह और उदय सिंह पुत्र रामकेवल घायल हुए हैं।थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक शत्रुघ्न वर्मा को सौंपी गई है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
