तीन तालाबों का सौंदर्यीकरण पूरा, दो पर काम जारी
पवन प्रभात फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की तालाब/झील/पोखर संरक्षण योजना के तहत जनपद फतेहपुर के नगरीय क्षेत्रों में जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण कार्यों को गति दी जा रही है। इस योजना का उद्देश्य एक ओर जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में नगर पालिका परिषद फतेहपुर अंतर्गत तांबेश्वर मंदिर के पीछे स्थित तालाब, गोपाल नगर जीटी रोड स्थित शनिदेव मंदिर के सामने तालाब तथा नगर पंचायत खागा के वार्ड संख्या 11 रामनगर में गिरजा देवी महाविद्यालय के पास स्थित तालाब का जल संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कराया गया है। इन तीनों तालाबों में पूर्व में गाद, मिट्टी व झाड़ियों के कारण जलभराव की स्थिति समाप्त हो चुकी थी। कार्य के दौरान खुदाई और सफाई कर तालाबों को पुनर्जीवित किया गया। साथ ही आमजन की सुविधा के लिए इंटरलॉकिंग पाथवे, पौधारोपण, प्रकाश व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच, डस्टबिन, साइनेज बोर्ड, चारों ओर चेनलिंक फेंसिंग, संदेश पेंटिंग और गेट आदि की व्यवस्था भी कराई गई है। वहीं, दो अन्य तालाबों पर कार्य प्रगति पर है। नगर पालिका परिषद फतेहपुर के रामगंज पक्का तालाब का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शीघ्र ही इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अलावा नगर पंचायत किशनपुर स्थित शीतला मंदिर तालाब का करीब 25 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसे जल्द ही आमजन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस योजना से न केवल जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि शहरवासियों को टहलने, बैठने और स्वच्छ वातावरण का लाभ भी मिलेगा, जिससे नगरीय क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
