बावन इमली शहीद स्मारक में महाराणा सांगा जयंती पर अमर शहीदों को किया नमन

पवन प्रभात बिंदकी/फतेहपुर। बावन इमली शहीद स्मारक में रविवार को महाराणा सांगा की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा एवं हिंदू समाज द्वारा अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले जोधा सिंह अटैया सहित बावन शहीदों को नमन किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व एक भव्य गौरव यात्रा निकाली गई, जो जन सेवक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई खजुहा रोड, कैंची मोड़, कुंवरपुर होते हुए बिंदकी कस्बे पहुंची और अंत में बावन इमली शहीद स्मारक पर समाप्त हुई।
स्मारक परिसर में आयोजित संकल्प दिवस समारोह में वक्ताओं ने महाराणा सांगा को विश्व का महान योद्धा बताते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। आयोजक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय इतिहास में शौर्य, स्वाभिमान और अदम्य साहस की चर्चा होते ही महाराणा सांगा का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित मिलता है। उन्होंने मेवाड़ की शक्ति को संगठित कर विदेशी आक्रमणकारियों के विरुद्ध भारतीय अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि महाराणा सांगा का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और स्वाभिमान बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विभिन्न राजपूत शासकों को एकजुट कर एक सशक्त संघ का निर्माण किया और भारतीय संस्कृति व परंपराओं की रक्षा के लिए संघर्ष किया। इस अवसर पर शुभम ठाकरे, नागेश सिंह, जेपी सिंह, सुशील सिंह, विजय सिंह चौहान, आशुतोष अवस्थी, अनिल शुक्ला, युवराज सिंह, अनिल सिंह, पीयूष सिंह, बीनू पांडे, राघवेंद्र सिंह, राहुल सिंह, आलोक सिंह चौहान, हर्षित सिंह परिहार, अभिमन्यु सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!