फर्जी पत्रकारों और ‘प्रेस’ लिखे वाहनों के खिलाफ अभियान की घोषणा, 30 जुलाई से लखनऊ से होगी शुरुआत

पवन प्रभात लखनऊ।। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) ने फर्जी पत्रकारों और वाहनों पर अवैध रूप से “प्रेस” लिखकर चलने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा की है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार अभियान की शुरुआत 30 जुलाई को सुबह 10 बजे लखनऊ के हजरतगंज चौराहे से की जाएगी।
समिति के संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता की आड़ में गलत गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य वास्तविक और जिम्मेदार पत्रकारों की छवि को सुरक्षित रखना है तथा पत्रकारिता के नाम पर अवैध गतिविधियां करने वाले लोगों को चिन्हित करना है।
समिति के अध्यक्ष विक्रम राव ने बताया कि अभियान के पहले चरण में राजधानी लखनऊ से इसकी शुरुआत होगी। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य जिलों तक ले जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि अभियान के संबंध में पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को भी ज्ञापन भेजा गया है।
महासचिव ज्ञानेश पाठक ने बताया कि अभियान के दौरान पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वाहनों पर अनधिकृत रूप से “प्रेस” लिखने तथा पत्रकारिता की पहचान का दुरुपयोग करने के मामलों को संबंधित प्रशासन के संज्ञान में लाया जाएगा।
समिति के प्रवक्ता लक्ष्मीकांत तिवारी ने कहा कि यह पहल किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने प्रदेश के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों से अभियान में सहयोग करने की अपील की।
समिति के अनुसार अभियान के दौरान केवल संबंधित अधिकारियों के माध्यम से वैधानिक कार्रवाई की मांग की जाएगी। अभियान की शुरुआत 30 जुलाई को लखनऊ से प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!