बीते 18 जुलाई को अमिलिहापाल गाँव के पास मिले थे गोवंश के अवशेष
पवन प्रभात हथगाम/फतेहपुर। पुलिस ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के बाद गोकशी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से अवैध तमंचे, कारतूस, गोकशी के औजार और एक चोरी की बाइक बरामद की है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए सीएचसी हथगाम में भर्ती कराया गया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 18 जुलाई को अमिलिहापाल गांव के पास नहर की पुलिया के निकट प्रतिबिंधत मांस के अवशेष मिले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशु चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई कराते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि रज्जीपुर छिवलहा निवासी शमीम और सदर कोतवाली क्षेत्र के पीरनपुर निवासी आफताब आलम इस घटना में शामिल हैं। गुरुवार को थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ अंबापुर मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से आए दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे।
पीछा करने पर आदर्श पब्लिक स्कूल के आगे कच्चे रास्ते में पानी से भरे गड्ढे के कारण उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथी चिम्मन उर्फ नसीम और इमरान पुत्र मुकीम के साथ मिलकर गोकशी करते हैं। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई की रात अमिलिहापाल मार्ग पर नहार के पास तीन गोवंशों को काटा था। पुलिस से बचने के लिए वे अवैध तमंचे रखते थे। बरामद बाइक उन्होंने हथगाम कस्बे में कर्बला मेला प्रदर्शनी के बाहर से चोरी की थी, जिसका उपयोग गोकशी करने और मांस ढोने में किया जाता था। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
