फतेहपुर में कलेक्ट्रेट का घेराव कर गुलाबी गैंग ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन

छात्र आंदोलन पर कार्रवाई के खिलाफ राष्ट्रपति को ज्ञापन

पवन प्रभात फतेहपुर। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी महिलाओं ने सिर पर काली पट्टी बांधकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और शिक्षा सुधारों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग का विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम द्विसूत्रीय व जिलाधिकारी को स्थानीय जनसमस्याओं से संबंधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि पेपर लीक के कारण मानसिक तनाव में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। जंतर-मंतर पर कार्रवाई करने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ न्यायिक जांच कर उन्हें निलंबित किया जाए। साथ ही नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की भी मांग की गई। संगठन ने गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की भी मांग उठाई। डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अघोषित बिजली कटौती बंद करने, यूरिया-डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाएं पूरी कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र वंचितों का दोबारा सर्वे कराने तथा धान की सिंचाई के लिए नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की गई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों, बेटियों और किसानों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक आंदोलन छेड़ेगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सरला सिंह, जिला उपाध्यक्ष मरियम जहां, महासचिव संयोगिता वर्मा, हसवा ब्लॉक अध्यक्ष मीना सिंह, उपाध्यक्ष संगीता देवी, कुशमा, उत्तरा, सरिता, शहजादी, नजमा, आरती, असीमुन, मेहनाज सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!