डीएम ने जिला अस्पताल में केक काटकर मनाया कन्या जन्मोत्सव, सरकार की योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की दी जानकारी

पवन प्रभात फतेहपुर। फतेहपुर जिला अस्पताल में सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “बेटी है अनमोल, बेटी है भविष्य की डोर” थीम पर कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर करीब 3 बजे जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान नवजात कन्याओं की माताओं को बेबी किट वितरित की गई और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं और आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और समान अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।
डीएम ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ समेत महिला एवं बाल विकास विभाग की कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने माताओं से इन योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं और अपने बच्चों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का आग्रह किया। साथ ही बताया कि प्रत्येक ग्राम सभा में बुधवार और शनिवार को आयोजित वीएचएनडी सत्रों में बच्चों का निशुल्क टीकाकरण कराया जा सकता है और सभी स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की ओर से मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वितरित पौधों की देखभाल अपनी बेटियों की तरह करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारी जीवनरेखा हैं और पर्यावरण संरक्षण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी रिशांत ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नवजात बच्चियों और उनकी माताओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में माताएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!