किशुनपुर-दादों क्षतिग्रस्त पुल का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण,पीडब्ल्यूडी की कार्यशैली पर जताई नाराजगी, काम में तेजी लाने के दिए निर्देश

पवन प्रभात खागा/फतेहपुर। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को खागा तहसील समाधान दिवस के बाद किशनपुर कस्बे में स्थित फतेहपुर और बांदा जिले को जोड़ने वाले क्षतिग्रस्त तुर्कीनाला पुल का निरीक्षण किया। करीब 15 मिनट तक चले इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुल की बदहाल स्थिति पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने कहा कि तुर्कीनाला पुल की जर्जर हालत लगातार सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में सुर्खियां बनी हुई है। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि कई बार बजट मिलने के बावजूद कार्य समय पर पूरा न होना गंभीर लापरवाही है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए निर्देश दिए कि पुल के निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। इसका उद्देश्य फतेहपुर और बांदा के बीच लंबे समय से प्रभावित आवागमन को जल्द से जल्द सामान्य करना है। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने पुल के दोनों ओर तत्काल रेडियम बैरियर और चेतावनी बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कदम किसी भी संभावित हादसे को रोकने में सहायक होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यक बजट स्वीकृत होते ही पुल का निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी अनिल कुमार सील, उपजिलाधिकारी खागा अश्वनी पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी खागा रवि सिंह और किशनपुर थाना पुलिस की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!