पवन प्रभात फतेहपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग की है। संगठन ने शनिवार दोपहर एक बजे जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन भेजा। इसमें छात्र हितों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए शीघ्र चुनाव दोबारा शुरू कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में NSUI अध्यक्ष हम्माद हसन ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों के मौलिक अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव न होने से छात्रों की समस्याएं शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रही हैं।संगठन ने आरोप लगाया कि छात्र प्रतिनिधि न होने के कारण विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, हॉस्टल आवंटन, पुस्तकालय सुविधाओं और परीक्षा परिणामों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।NSUI के अनुसार, छात्रसंघ चुनाव युवाओं में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक समझ, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वस्थ नेतृत्व के गुण विकसित करने का पहला मंच है। चुनावों पर रोक के कारण छात्र नेतृत्व का विकास भी प्रभावित हो रहा है।ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि फतेहपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश के सभी डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तत्काल प्रभाव से छात्रसंघ चुनाव बहाल किए जाएं। साथ ही, चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्वाचित समिति की सिफारिशों के अनुरूप चुनाव कराने की मांग भी की गई।
इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों की दैनिक समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक मजबूत और पारदर्शी शिकायत निवारण तंत्र (Grievance Redressal Mechanism) स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।NSUI ने राज्यपाल से छात्र हितों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए शीघ्र छात्रसंघ चुनाव पुनः शुरू करने का आदेश जारी करने का अनुरोध किया। ज्ञापन पर NSUI प्रदेश महासचिव शुभांशु निषाद सहित संगठन के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं। इस अवसर पर नवनीत तिवारी, हशमत शमीम, श्याम सिंह, राज सिंह सहित कई छात्र उपस्थित थे।
