अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों संग गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने बहुआ पावर हाउस घेरा, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जर्जर तारों को बदलने की उठाई मांग

पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के बहुआ स्थित बिजली उपकेंद्र में सोमवार को बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। बीते 72 घंटों में केवल नौ घंटे बिजली मिलने का आरोप लगाते हुए गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने सोमवार के दिन शाम करीब 6 बजे बहुआ पावर हाउस का घेराव किया। इस दौरान बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।प्रदर्शन के दौरान हेमलता पटेल ने अधीक्षण अभियंता (SE) को फोन पर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी में बार-बार बिजली कटौती से बच्चे, बुजुर्ग और आम उपभोक्ता परेशान हैं। बिजली न मिलने से किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। हेमलता पटेल ने आरोप लगाया कि थोड़ी देर आपूर्ति के बाद 33 हजार वोल्ट लाइन में फॉल्ट का हवाला देकर कई-कई घंटे बिजली बंद कर दी जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो फतेहपुर स्थित जिला बिजली मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बहुआ पावर हाउस पर अत्यधिक लोड को कम करने के लिए राधानगर बिजली केंद्र से कुछ फीडरों को संबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि दरवेशबाद लाइन के जर्जर तारों को बदलने की कार्रवाई जल्द कराई जाएगी और एक घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। अधीक्षण अभियंता ने जूनियर इंजीनियर (JE) को बहुआ उपकेंद्र में रहकर व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।बहुआ उपकेंद्र से ललौली, बड़ा गांव, थवई, पथरी, दतौली, बहुआ टाउन, शाह, पखरौली और मुत्तौर समेत कई फीडरों से लगभग 56 से 60 गांवों के करीब 20 हजार उपभोक्ताओं को बिजली मिलती है। प्रदर्शनकारियों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!