पवन प्रभात फतेहपुर। रविवार सुबह एक युवक अपने खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की सूचना पर 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह जेल जाने के डर से टांवर पर चढ़ने लगा। ऊपर चढ़ता देख स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई।परिजन उसे नीचे उतारने का प्रयास करते रहे, लेकिन उसने कहा- नीचे उतरते ही पुलिस मुझे गिरफ्तार कर जेल भेज देगी। घटना की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। पुलिस ने भी उसे नीचे उतारने का प्रयास करती रही।
करीब चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामा के बाद वह नीचे उतरा। नीचे आते ही वह पुलिस को चकमा देकर खेतों की ओर फरार हो गया है। पुलिस ने बताया उसका आपराधिक इतिहास है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरा मामला नगर पंचायत असोथर के वार्ड नंबर-1 के किलापर गांव की है।जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत असोथर के वार्ड नंबर-1 किलापर निवासी कामता पासवान का 21 वर्षीय पुत्र लखन पासवान, रविवार सुबह करीब 8 बजे अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह देखते ही देखते काफी ऊंचाई पर पहुंच गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया। पुलिस, परिजन और स्थानीय संभ्रांत नागरिक लगातार युवक को समझाकर नीचे उतरने का आग्रह करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि नीचे उतरते ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज देगी, इसी डर से वह टावर पर चढ़ा था।
करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान एहतियातन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित रखी गई। इस बीच, पुलिस और परिजन युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। बाद में युवक ने एक स्थानीय समाजसेवी से बात की और उसके माध्यम से शर्त रखी कि यदि पुलिस और भीड़ को मौके से हटा दिया जाए तो वह टावर से नीचे उतर जाएगा।युवक की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने उसकी शर्त मान ली और मौके पर मौजूद भीड़ को हटाकर पुलिसकर्मी भी पीछे हट गए। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे युवक टावर से नीचे उतर आया। हालांकि, नीचे आते ही वह खेतों की ओर दौड़ पड़ा और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार लखन पासवान का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ थाना असोथर में तीन मुकदमे दर्ज हैं। वह 23 अप्रैल को चोरी के एक मामले में जेल गया था और 15 जुलाई को जमानत पर रिहा हुआ था। दो दिन पहले पुलिस उसके घर जांच के सिलसिले में गई थी। इसी वजह से वह पुलिस कार्रवाई के दबाव में टावर पर चढ़कर बचने की कोशिश कर रहा था।घटना के बाद पुलिस ने आसपास के खेतों और संभावित ठिकानों पर युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद युवक को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
