बिंदकी में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, 31 घायल

पवन प्रभात बिंदकी/फतेहपुर। कुंअरपुर मार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। अलियाबाद गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 31 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर सभी घायलों को पिकअप से बाहर निकाला और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना। वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक समेत सात लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद कानपुर हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कोरवां गांव के 14 परिवारों के 31 लोग पिकअप में सवार होकर प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम मंदिर के लिए जा रहे थे। अलियाबाद गांव के पास पिकअप की स्टेयरिंग और ब्रेक फेल होने से चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया। इससे अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार श्रद्धालु उछलकर नीचे जा गिरे। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने लोगों की मदद से श्रद्धालुओं को पिकअप से बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चालक साहिल पुत्र रामबली समेत सात लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!