पवन प्रभात खागा/फतेहपुर। विजयीपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम सभा कठरिया में तालाब व नालियों में किए जाने वाले अतिक्रमण के चलते यहां से होने वाली जलनिकासी प्रभावित हो रही है। जिससे बारिश के पानी की निकासी न होने के कारण गांव के गलियारे तालाब में तब्दील हो चुके हैं। वहीं ग्रामीणों के घरों में भी बारिश का गंदा पानी भरने के चलते ग्रामीणों की परेशानियां कम नहीं हो पा रही हैं। पहली जोरदार बारिश ने गांव की जलनिकासी प्रभावित होने के कारण आधा दर्जन से अधिक घरों में पानी पहुंच गया है जिससे ग्रामीणों को गृहस्थी का सामान बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।ग्रामीण में रामकुमार यादव, भोला यादव, नितिन यादव, अनार यादव, भोलानाथ, गुलाब, ओमनाथ, शिवमोहन पाल का आरोप है कि गांव के तालाब और नाले पर अतिक्रमण के चलते बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, नतीजतन तालाब उफनाने के चलते मुख्य मार्ग पर करीब एक फीट पानी भर गया है। जिससे आवागमन करने में ग्रामीणों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिक पानी होने के कारण बच्चे आए दिन फिसलकर पानी में गिर रहे हैं वहीं विद्यालय जाने के दौरान बच्चों की ड्रेस के साथ ही कांपी, किताबें भी खराब हो रही हैं। साथ ही जलभराव के कारण मच्छरों की भरमार होने से संक्रामक बीमारियों का भी खतरा मंडरा रहा है। बताया कि ग्राम प्रधान सहित पंचायत सचिव आदि से जलभराव से निजात दिलाने की मांग की जा चुकी है इसके बाजवूद समस्या से राहत नहीं मिल पा रही। वहीं बीडीओ जयप्रकाश ने बताया कि टीम भेजकर जलनिकासी की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
