शहर में निकली बाइक तिरंगा रैली,देशभक्ति के नारों से गूंज उठा वातावरण,डीएम-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

डीएम-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पवन प्रभात फतेहपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर से निकली तिरंगा मोटरसाइकिल रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। मोटरसाइकिलों पर शान से लहराते राष्ट्रीय ध्वज और गूंजते वंदे मातरम तथा भारत माता की जय के नारों ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगा मोटरसाइकिल रैली को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, प्रशासक जिला पंचायत अभय प्रताप सिंह एवं आदर्श व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग ने कलेक्ट्रेट परिसर से संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल बाइक सवारों ने वाहनों पर तिरंगा लगाकर पूरे उत्साह के साथ शहर का भ्रमण किया। रैली कलेक्ट्रेट से निकलकर पत्थरकटा चैराहा, जिला अस्पताल और ज्वालागंज बस स्टैंड होते हुए स्पोट्र्स स्टेडियम शांतीनगर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रास्ते भर लोगों ने तिरंगा रैली का स्वागत किया और देशभक्ति के नारों में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने के साथ ही तिरंगे के साथ व्यक्तिगत और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव को जनभागीदारी का स्वरूप देने का प्रयास है। डीएम ने लोगों से अपील की कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय उसकी गरिमा और निर्धारित नियमों का पूरा पालन करें। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान सर्वाेपरि है और उपयोग के बाद उसे इधर-उधर न फेंककर सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखा जाना चाहिए। इसी क्रम में सभी विकास खंडों में भी तिरंगा रैली और तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रमों में सहभागिता कर लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, अपर उप जिलाधिकारीगण, गणमान्य नागरिक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!