पवन प्रभात खागा/फतेहपुर। मिठाइयों में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को विभागीय टीम ने सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अलीपुर बाजार स्थित बृजवासी स्वीट हाउस का दोबारा निरीक्षण किया। पूर्व में लिए गए खोया के नमूने की जांच रिपोर्ट में मानक से विचलन पाए जाने के बाद उसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक खोया में खाद्य तेल की मिलावट की संभावना सामने आई है।सहायक आयुक्त खाद्य वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर बाद टीम ने इस प्रतिष्ठित दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रखरखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। टीम ने मौके पर आवश्यक अभिलेखों और खाद्य सामग्री की भी पड़ताल की। अधिकारियों ने दुकानदार को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए।सहायक आयुक्त वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, जिसके लिए लगातार जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने सभी कारोबारियों से नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
कार्रवाई के दौरान दुकान पर खोया मौजूद नहीं मिला, लेकिन खोया से तैयार करीब 5 किलोग्राम मिठाई टीम ने दूषित पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करा दी। साथ ही पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर उसका सर्विलांस नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। सहायक आयुक्त वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि एक प्रतिष्ठान से 28 सितंबर 2025 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा खोया का नमूना लिया गया था। लखनऊ से प्राप्त विश्लेषण रिपोर्ट में 8 जुलाई 2026 को इस नमूने को ‘असुरक्षित’ घोषित किया गया था। रिपोर्ट आने के बाद ही यह वैधानिक कार्रवाई की गई है। मंगलवार 11 अगस्त 2026 को, टीम ने कुछ खाद्य पदार्थों को नष्ट किया और अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने भी लिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
