पवन प्रभात फतेहपुर। जनपद के हथगाम-थरियांव मार्ग की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रवासियों का जन आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। लंबे समय से खराब सड़क के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। बरसात में जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
जनहित के इस मुद्दे पर समाजसेवी बाबू सिंह खरहरा ने सोमवार को बंदीपुर चौराहे पर आंदोलन शुरू किया था। इसका उद्देश्य अधिकारियों का ध्यान मार्ग की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित कर स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है। खरहरा ने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क की दुर्दशा झेल रही है।उन्होंने कहा कि पिछले छह माह से प्रेस विज्ञप्ति और समाचार पत्रों के माध्यम से प्रशासन को समस्या से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।आंदोलन के दूसरे दिन मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क की बदहाली के खिलाफ चल रहे आंदोलन को समर्थन दिया। राजेंद्र सिंह ने अधिकारियों से समस्या का संज्ञान लेकर जल्द समाधान करने की अपील की।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में सड़क का तत्काल चौड़ीकरण, इंटरलॉकिंग फुटपाथ का निर्माण और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण के साथ स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना शामिल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
बाबू सिंह खरहरा ने कहा कि यदि इस मार्ग पर किसी बड़ी घटना में किसी मासूम की जान जाती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
