पवन प्रभात हथगाम/फतेहपुर। कस्बे के स्थानीय फातिमा पब्लिक स्कूल में 80वां राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस अत्यंत गरिमामय, भव्य एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभांरभ मुख्य अतिथि गुफरान उल्लाह द्वारा गगनभेदी जयघोष के बीच ध्वजारोहण (तिरंगा फहराकर) एवं समवेत स्वर में राष्ट्रगान के साथ हुआ। तत्पश्चात पूरा विद्यालय प्रांगण भारत माता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री गुफरान उल्लाह, विद्यालय के संस्थापक सदस्य श्री ए.के. कासमी एवं प्रबंधक श्री रिजवान हकीम कासमी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के अमूल्य बलिदानों का स्मरण कराते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने और अनुशासित नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
प्रधान अध्यापिका (हेड मिस्ट्रेस) मिस कल्पना के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस वृहद समारोह में कक्षा एलकेजी (LKG) से 11वीं तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परेड एवं मार्च पास्ट प्रभारी मोहम्मद जावेद एवं निखिल प्रताप सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने अत्यंत अनुशासित, सधा हुआ और मनमोहक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी मिस आमना सलमानी एवं श्री अंकुश गौतम की उत्कृष्ट देखरेख, रचनात्मक निर्देशन और कठोर अभ्यास के बल पर छात्रों ने देशभक्ति गीतों, नृत्यों एवं प्रेरक नाटिकाओं की ऐसी जीवंत प्रस्तुतियां दीं कि पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इवेंट प्रभारियों की इस लगन और समर्पण की विद्यालय प्रबंधन ने भी जमकर प्रशंसा की।
समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं उपस्थित जनसमूह को मिष्ठान (मिठाई) का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्री दीपक ने समारोह में पधारे सभी गणमान्य अतिथियों, प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
