थरियांव-असोथर मार्ग बदहाल,जगह-जगह गड्ढों में जल भराव,राहगीरों की बनी मुसीबत,हादसों का बढ़ा खतरा

पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के थरियांव कस्बे में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था होने से स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। चोक नालियों के कारण कस्बे में जगह-जगह जलभराव रहता है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
कस्बे की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे मौजूद हैं, जो जलभराव के कारण अक्सर दिखाई नहीं देते। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बारिश के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।जलभराव के कारण रिक्शे और दोपहिया वाहन चालक अक्सर इन गड्ढों में फंसकर पलट जाते हैं। इन हादसों में अब तक कई लोग चोटिल हो चुके हैं। राहगीरों का कहना है कि इन खराब रास्तों से गुजरना बेहद जोखिम भरा है।लोगों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई न होने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था के अभाव में यह स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल नालियों की सफाई कराने, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!