मदरसे की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी मौलवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के ललौली के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां जामा मस्जिद में रहने वाले एक मौलवी ने मदरसे में पढ़ने वाली 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक छात्रा के साथ कई बार दुष्कर्म किया। घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी रविवार देर रात छात्रा को लेकर भागने की फिराक में था और परिजनों ने उसे देख लिया। पुलिस ने आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव ने बताया कि फर्रुखाबाद के बंथल शाहपुर थाना जहानगंज निवासी अब्दुल समद करीब दो साल पहले गांव की जामा मस्जिद में बतौर मौलवी आया था।

वह मस्जिद के पास अवैध रूप से संचालित मदरसे में करीब डेढ़ साल से दीनी तालीम दे रहा था। 15 वर्षीय छात्रा भी मदरसे में तालीम हासिल करने आती थी। करीब एक साल से मौलवी ने छात्रा से नजदीकी बढ़ाई और उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने लगा। रविवार देर रात मौलवी ने छात्रा को फिर अपने पास बुलाया, जिसके बाद वह उसके पास चली गई थी। जब अचानक छात्रा के घर से लापता होने की जानकारी परिजनों को मिली, तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। तलाशने पर देखा कि मौलवी छात्रा को लेकर मुख्य सड़क की ओर भाग रहा था। इसके बाद परिजनों ने शोर मचाया तो गांव की भीड़ इकट्ठा हो गई। पिटाई के डर से मौलवी ने खुद डायल-112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले आई, जहां छात्रा ने अपने साथ हुए दुष्कर्म की बात बताई। छात्रा ने बताया कि अब्दुल समद ने मदरसे में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और शादी करने की बात कहता था। वह किसी न किसी बहाने से उसे मस्जिद और मदरसे में बुला लेता था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राव ने बताया कि शुरुआत में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे पीड़िता के बयानों के आधार पर दुष्कर्म की धाराओं में तरमीम (बढ़ाया) किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!