फतेहपुर में नशामुक्ति अभियान की पहल, छात्र-छात्राओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

पवन प्रभात फतेहपुर। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ बुधवार को छात्र-छात्राओं ने जागरूकता की हुंकार भरी। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को तंबाकू एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या एवं राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने की। कार्यक्रम में रीजनल कोऑर्डिनेटर यूपीएचईपी, लखनऊ ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज के लिए आदर्श बनना चाहिए। उन्होंने बताया कि तंबाकू नियंत्रण आज की आवश्यकता क्यों बन गया है। साथ ही कोटपा अधिनियम-2003 की विभिन्न धाराओं की विस्तृत जानकारी देते हुए तंबाकू एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य हानियों तथा इनके अवैध कारोबार के सामाजिक प्रभावों के बारे में बताया।ब्रह्माकुमारी नीरा दीदी ने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति शरीर और धन दोनों को बर्बाद कर रही है। नशे की लत परिवार और समाज को भीतर से खोखला कर देती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे दृढ़ संकल्प के साथ स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में बीके प्रियंका बहन, बीके दिनेश भाई सहित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!