पवन प्रभात फतेहपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर फतेहपुर जनपद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित समरसता संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्रयागराज से संत रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी लेकर चल रही कलश यात्रा का आज जनपद के हुसैनगंज विधानसभा के अल्लीपुर मंडल एवं जहानाबाद विधानसभा के खजुहा मंडल में पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के पावन कलश का पूजन कर उनकी आरती उतारी तथा उनके बताए समरसता, समानता, सामाजिक एकता और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
हुसैनगंज विधानसभा में पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह की उपस्थिति में कलश यात्रा का स्वागत एवं पूजन किया गया। वहीं जहानाबाद विधानसभा में विधायक राजेंद्र सिंह पटेल उपस्थित रहे और उन्होंने संत रविदास जी के विचारों को सामाजिक समरसता एवं समानता के लिए प्रेरणादायी बताया।अल्लीपुर मंडल में समरसता संकल्प यात्रा के जिला सह संयोजक धर्मेंद्र सिंह सिंगरौर तथा खजुहा मंडल में जिला सह संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि फतेहपुर जनपद में यह समरसता संकल्प यात्रा 3 अगस्त से निरंतर चल रही है। जनपद की सभी छह विधानसभाओं के समस्त 23 मंडलों में यात्रा पहुंच चुकी है, जहां स्थानीय नागरिकों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का हर्षोल्लास के साथ स्वागत, कलश पूजन एवं संत रविदास जी की आरती की गई।
समरसता संकल्प यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा”, सामाजिक समानता, भेदभाव रहित समाज और आपसी भाईचारे के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में समरसता और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
