
पवन प्रभात
प्रयागराज। माघ मेला महोत्सव विदाई समारोह के अवसर पर धार्मिक, सामाजिक और आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन सेक्टर-1 स्थित महावीर संगम अपार्टमेंट चौराहा पर श्री सती अनसूया आश्रम, चित्रकूट धाम, प्रयागराज के तत्वावधान में संपन्न होगा।इस पावन अवसर पर नागा संत शिरोमणि दामोदर दास जी महाराज के दिव्य सान्निध्य में अनुष्ठान, भंडारा, साधु सेवा एवं अतिथि सेवा का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम 17 फरवरी 2026 को आयोजित होगा, जिसका शुभारंभ सायं 4 बजे से किया जाएगा।कार्यक्रम के अंतर्गत समाज में व्याप्त बाल भिक्षावृत्ति की समस्या के उन्मूलन तथा बाल-बालिकाओं के शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को लेकर बाल उन्नयन संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। यह संगोष्ठी दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें समाजसेवी, धर्मगुरु एवं बुद्धिजीवी वर्ग भाग लेंगे।आयोजकों ने बताया कि इस संगोष्ठी के माध्यम से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा भिक्षावृत्ति से मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें दामोदर दास जी महाराज के शिष्य ओम दास जी, समाजसेवी मोनू गुप्ता, महावीर दास, दयाल दास, रविंद्र दास, देवेंद्र दास सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुनीत आयोजन में सहभागिता करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
