
पवन प्रभात
नैनी, प्रयागराज। नैनी थाना क्षेत्र से एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के ग्राम सुकहर, पोस्ट सकरिया, थाना लितरंगी निवासी यह परिवार वर्तमान में नैनी स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर, अरैल, शेरू लकड़ी वाले के पास रहकर मजदूरी करता है।
पीड़ित पिता के अनुसार, आरोपी युवक शुभम भारतीया, निवासी कतवारीपुर, थाना सरायनाइत हनुमानगंज, भी उसी क्षेत्र में मजदूरी करता था। इसी का फायदा उठाकर उसने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने बेटी की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने नैनी कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित पिता ने बताया कि बेटी 10 फरवरी को लापता हुई थी। वह परिवार से फोन पर संपर्क में है, लेकिन घर लौटने की बात कहने पर कॉल काट देती है। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई है। नैनी थाना प्रभारी ब्रज किशोर गौतम ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी युवक व लड़की की तलाश की जा रही है।
