यूपी में पहली बार पंचायत चुनाव तक प्रधान रहेंगे प्रशासक

पवन प्रभात लखनऊ। यूपी में पंचायत चुनाव होने या अगले 6 महीने तक ग्राम प्रधान ही प्रशासक रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हरी झंडी मिलने के बाद पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार ने सोमवार देर शाम आदेश जारी कर दिया।
प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारियों को प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने की जिम्मेदारी सौंपी है। आदेश के मुताबिक, प्रशासक यानी ग्राम प्रधान अपने स्तर पर कोई बड़ा या नीति से जुड़ा फैसला नहीं ले सकेगा। अगर किसी जरूरी या विशेष स्थिति में ऐसा फैसला लेना जरूरी हो, तो उसका प्रस्ताव जिला पंचायत राज अधिकारी के जरिए जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। जिलाधिकारी की मंजूरी मिलने के बाद ही उस पर फैसला लिया जाएगा।यूपी की सभी 57 हजार 694 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल मंगलवार (26 मई) को खत्म हो रहा है। विधानसभा चुनाव 2027 के बाद ही पंचायत चुनाव होंगे। माना जा रहा है कि जुलाई में ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने पर ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख और जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में प्रशासनिक समिति गठित की जाएगी।विधानसभा चुनाव में ग्रामीण क्षेत्रों की विधानसभा सीटों के लिए ग्राम प्रधान किसी भी राजनीतिक दल के लिए सबसे पहली और महत्वपूर्ण कड़ी है। चुनाव जीतने, वोट प्रतिशत बढ़ाने, बूथ प्रबंधन करने, चुनाव प्रचार करने, रैलियों में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी भी उनके हाथ ही होती है। यदि किसी कर्मचारी को प्रशासक नियुक्ति किया जाता तो निवर्तमान ग्राम प्रधान उतने प्रभावी नहीं होते। वह सत्तारूढ़ दल के लिए उतने मददगार भी साबित नहीं होते।वहीं, चुनाव से पहले गांव में विकास कार्य, सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन का काम भी प्रभावित होता। इसलिए सरकार ने सोच विचार कर ग्राम प्रधान को ही प्रशासक नियुक्त करने का निर्णय लिया है।प्रधानों को पहली बार प्रशासक बनाये जाने पर राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन ने खुशी जतायी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अखिलेश सिंह ने कहा है कि सरकार ने प्रधानों को जो उपहार दिया है, प्रधान उसका रिटर्न गिफ्ट विधानसभा चुनाव में देंगे।उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 दिसम्बर, 2021 को ग्राम उत्कर्ष समारोह में प्रधानों से ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का जो वादा किया था उसे पूरा किया है। उन्होंने सेवाओं के विस्तार का जो गिफ्ट दिया है, ग्राम प्रधान 2027 में इनका रिटर्न गिफ्ट मुख्यमंत्री जी को वापस करेंगे। प्रधान संगठन राज्य, मण्डल, जनपद और ब्लाक स्तर पर समारोह आयोजित करके आभार जताएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!