सब्जी मंडी से चोरी हुआ था दैनिक समाचार पत्र के संपादक का मोबाइल, कार्रवाई में सुस्ती से पत्रकारों में नाराजगी
प्रयागराज। नैनी की सब्जी मंडी से दो वर्ष पूर्व दैनिक समाचार पत्र के संपादक का मोबाइल चोरी होने के मामले में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। पुलिस न तो चोरी गए मोबाइल की बरामदगी कर सकी है और न ही आरोपितों तक पहुंचने में सफल हुई है। मामले में कार्रवाई की धीमी रफ्तार को लेकर स्थानीय पत्रकारों और नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बताया जाता है कि 27 मई 2024 की शाम सब्जी खरीदारी के दौरान पवन प्रभात हिंदी दैनिक के संपादक पवनेश कुमार पवन का मोबाइल जेब से चोरी हो गया था। घटना की सूचना तत्काल नैनी थाने में दी गई थी। अगले दिन ऑनलाइन एफआईआर भी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन और आईएमईआई नंबर के आधार पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन दो वर्ष बीतने के बाद भी कोई परिणाम सामने नहीं आया।
पीड़ित का कहना है कि कई बार पुलिस से संपर्क करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला है। यदि समय रहते मोबाइल की तकनीकी निगरानी की जाती तो आरोपितों तक पहुंचना संभव हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नैनी सब्जी मंडी में मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसके बावजूद सक्रिय गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। मंडी आने वाले ग्राहक हर समय अपने मोबाइल और सामान को लेकर सतर्क रहने को मजबूर हैं।
पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन से मामले में गंभीरता दिखाते हुए मोबाइल के आईएमईआई नंबर के जरिए ट्रैकिंग तेज करने, चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने तथा मंडी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समयबद्ध कार्रवाई न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
