ब्यूरो रिपोर्ट फतेहपुर
पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के बहुआ विकासखंड में बनरसी से हरियापुर जाने वाला मार्ग वर्षों से बदहाली का शिकार है। मरम्मत न होने के कारण यह सड़क गहरे गड्ढों और जलभराव से भर गई है। बरसात के मौसम में पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे राहगीरों और विशेषकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इसी मार्ग पर एक निजी विद्यालय भी स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक इसी जर्जर सड़क से गुजरने को मजबूर हैं। स्कूल बसें, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चालकों को जलभराव और छिपे हुए गड्ढों के बीच से जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता है। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को अवगत कराया गया है। हालांकि, हर बार केवल आश्वासन ही मिला और सड़क की मरम्मत या जलनिकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई।ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलभराव में छिपे गड्ढे के कारण कोई बड़ा हादसा होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। उनका आरोप है कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग से तत्काल इस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क का पुनर्निर्माण, गड्ढों की मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो यह बदहाल सड़क किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्वीकार किया है कि विकास खंड बहुआ के अंतर्गत हरियापुर से बनरसी संपर्क मार्ग काफी क्षतिग्रस्त (जर्जर) हो चुका है और इसकी तुरंत मरम्मत कराना बेहद आवश्यक है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशाषी अभियंता को स्पष्ट शब्दों में निर्देशित किया गया है कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग निर्माण के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू करें।
