पवन प्रभात ब्यूरो फतेहपुर
फतेहपुर। जिले के विजयीपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत गढ़ा के संगोलीपुर में ‘हर घर जल’ योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्य पिछले तीन साल से अधूरा पड़ा है। वर्तमान प्रधान के इस गांव में ग्रामीणों को अभी तक पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।योजना के अंतर्गत बोरवेल का काम तो पूरा हो चुका है, लेकिन पानी की टंकी का निर्माण और उसके लिए आवश्यक कमरा अभी तक नहीं बनाया गया है। इस अधूरे निर्माण के कारण क्षेत्र के कई गांवों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है।इस संबंध में ग्राम सचिव मनीष कुमार ने बताया कि पानी की टंकी का काम ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था, लेकिन अब ठेकेदार का कोई पता नहीं है। उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि ठेकेदार कहां चला गया है।हाल ही में गढ़ा के प्रधान प्रतिनिधि ने पूर्व सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति के फतेहपुर आगमन पर उन्हें इस समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पानी की टंकी का काम करने वाली संस्था कार्य नहीं कर रही है।इस पानी की टंकी के अधूरा रहने से भौनापुर, भोधनडेरा, सुरजानीपार, नरौली, चातरपुर, संगोलीपुर और मैनॉपर जैसे कई गांवों के लोग प्रभावित हो रहे हैं। यदि यह टंकी चालू हो जाती तो इन गांवों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलती।
ग्रामीण वीरेंद्र निषाद, हरिश्चंद्र निषाद, रामचंद्र निषाद, अच्छू पाल और भूप नारायण सहित अन्य लोगों का कहना है कि मौके पर केवल बोरवेल का ढांचा दिख रहा है, टंकी या कोई भवन नहीं है।
