पवन प्रभात फतेहपुर। नगर पालिका द्वारा बनाए जा रहे वेंडिंग जोन का एक बार फिर विरोध शुरू हो गया है। इस बार व्यापारियों ने जाम की आशंका जताते हुए निर्माण कार्य पर आपत्ति दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वेंडिंग जोन बनने के बाद वाहनों का आवागमन प्रभावित होगा, जिससे जाम की समस्या बढ़ सकती है। व्यापारियों ने मांग की कि आम लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य कराया जाए। शहर को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने पहले शादीपुर से नासिरपुर तक वेंडिंग जोन बनाने की योजना शुरू की थी। हालांकि, जाम और गंदगी की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध के चलते यह कार्य अधूरा रह गया। इसके बाद अब हरिहरगंज ओवरब्रिज के नीचे वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के तहत ओवरब्रिज के नीचे दोनों ओर करीब आधा फीट खुदाई कर एक फीट ऊंची दीवार बनाई जा रही है। इसके ऊपर चबूतरा बनाकर फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को वहां स्थानांतरित करने की योजना है। गुरुवार को निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने विरोध दर्ज कराया।व्यापारी ज्ञानेंद्र गुप्ता ने बताया कि हरिहरगंज में सड़क की पूर्वी और पश्चिमी दोनों पटरी पर व्यापारियों की दुकानें हैं और उनका कारोबार सुचारु रूप से चल रहा है। उनका कहना है कि ओवरब्रिज के नीचे निर्माण होने के बाद एक ओर केवल करीब 12 फीट चौड़ी जगह ही बचेगी। ऐसे में दुकानों के सामने वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बन जाएगी।उन्होंने कहा कि इसी मार्ग से बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड के लिए आवागमन करते हैं। यदि सड़क की चौड़ाई कम हुई तो राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। व्यापारियों ने नगर पालिका से मांग की कि निर्माण कार्य कराया जाए, लेकिन चबूतरा बनाने के बजाय उस स्थान को सड़क के स्तर के बराबर समतल रखा जाए। इस मौके पर अजय गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, अतुल गुप्ता, शिमू, अवनीश गुप्ता, विजय कुमार, संजय गुप्ता, सुरेश चंद्र, वासु गुप्ता और सिराज सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
