व्यापार मंडल ने अग्निशमन विभाग के नोटिसों का किया विरोध, CFO को मांग पत्र सौंपकर 90 दिन का मांगा अतिरिक्त समय

पवन प्रभात फतेहपुर। उत्तम उद्योग व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) को एक मांग पत्र सौंपा है। यह मांग पत्र शहर के होटल, मैरिज गार्डन और अस्पतालों को अग्निशमन विभाग द्वारा जारी नोटिसों और कई प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति काटे जाने के विरोध में दिया गया।व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया कि उनका संगठन कानून और जनसुरक्षा के सभी नियमों का समर्थन करता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी प्रतिष्ठान अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
तिवारी ने चिंता व्यक्त की कि अचानक नोटिस जारी होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। इसके साथ ही, अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सेवाएं भी बाधित हो रही हैं, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।ज्ञापन में प्रमुख मांग यह है कि फायर एनओसी प्राप्त करने, स्प्रिंकलर, फायर पंप, अलार्म जैसे सुरक्षा उपकरण लगाने और आवश्यक सिविल कार्यों को पूरा करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को 60 से 90 दिनों का अतिरिक्त समय दिया जाए।इसके अतिरिक्त, व्यापार मंडल ने अनुरोध किया है कि जिन प्रतिष्ठानों ने सुरक्षा उपकरण लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है या शपथ पत्र प्रस्तुत किया है, उनकी विद्युत आपूर्ति सशर्त बहाल की जाए। संगठन ने यह भी प्रस्ताव दिया कि इस विस्तारित समय-सीमा के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में पर्याप्त अग्निशामक यंत्र, प्रशिक्षित फायर वॉचमैन, बाधारहित आपातकालीन निकास और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण जैसी अंतरिम व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।एनओसी प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाने के लिए विभाग में एक सिंगल विंडो फायर सेफ्टी मार्गदर्शन सेल स्थापित करने की मांग भी की गई है। व्यापार मंडल ने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें विस्तारित समय-सीमा मिलती है, तो सभी प्रतिष्ठान निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करेंगे।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनोज साहू, जिला महामंत्री जय किशन, श्रवण दीक्षित, प्रेमदत्त उमराव, संदीप श्रीवास्तव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!