ग्राम प्रधान पर धोखाधड़ी से जमीन हड़पने का आरोप

पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में एक परिवार ने वर्तमान ग्राम प्रधान सुल्तान खान पर धोखाधड़ी से जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनकी भूमि का बैनामा करा लिया गया।
पीड़ित घुरवा पुत्र बुधई के अनुसार, वह, उनके भाई दसुवा और माता मैकीवा गाटा संख्या 678 मि., रकबा 0.2110 हेक्टेयर भूमि के सह-स्वामी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान सुल्तान खान इस जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
परिवार ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास या कॉलोनी दिलाने का झांसा देकर खागा तहसील ले जाया गया। वहां बिना पूरी जानकारी दिए, बहला-फुसलाकर इसी गाटा की 0.0510 हेक्टेयर भूमि का बैनामा रामदीन पुत्र झुरिया, निवासी सदियापुर (ब्लॉक हथगांव) के नाम करा लिया गया।
पीड़ित परिवार को इस कथित बैनामे की जानकारी तब हुई जब रामदीन उक्त भूमि पर नींव खोदकर बाउंड्रीवाल बनाने पहुंचे। इसके बाद तहसील से दस्तावेजों की प्रति निकलवाने पर उन्हें फर्जी बैनामे का पता चला।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बैनामे में भूमि की चौहद्दी गलत दर्शाई गई है। उनका दावा है कि यह पूरी प्रक्रिया साजिश और सांठगांठ के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित भूमि मुख्य सड़क पर स्थित है और उसकी बाजार कीमत काफी अधिक है। परिवार का आरोप है कि बिना किसी वास्तविक लेन-देन के फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने का प्रयास किया गया।
घुरवा की पत्नी सावित्री ने आरोप लगाया कि उनके पति का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और इसी का फायदा उठाकर उनसे दस्तावेजों पर अंगूठा लगवा लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा उन्हें और उनके परिवार को लगातार गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी दी जाती है।
घुरवा के भाई दसुवा ने बताया कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन उन्हें अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!