पवन प्रभात हथगाँव/फतेहपुर। जिले के हथगाँव कस्बे स्थित सहकारी समिति पर सर्वर की समस्या के कारण खाद वितरण व्यवस्था लगातार बाधित हो रही है। गुरुवार को भी बड़ी संख्या में किसान खाद लेने के लिए समिति पहुंचे, लेकिन सर्वर से मशीनें कनेक्ट न होने के कारण खाद का वितरण नहीं हो सका। इससे किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई किसान बिना खाद लिए ही वापस लौट गए।
समिति परिसर में सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगी रहीं। किसानों का कहना है कि खेतों में फसल की तैयारी का समय चल रहा है और इस समय खाद की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। इसके बावजूद तकनीकी समस्या के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान ज्ञान सिंह निवासी मानापुर ने बताया कि समिति में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन सर्वर नहीं आने के कारण मशीनें काम नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल एक दिन की नहीं, बल्कि कई दिनों से बनी हुई है। किसान रोज सुबह उम्मीद लेकर समिति पहुंचते हैं और शाम तक इंतजार करने के बाद भी बिना खाद लिए लौटने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उनका समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहा है।
समिति पर मौजूद सचिव शिव नायक सिंह ने भी बताया कि खाद की कोई कमी नहीं है। सर्वर ठप होने के कारण बायोमेट्रिक मशीनें और ऑनलाइन वितरण प्रक्रिया संचालित नहीं हो पा रही है। सचिव ने आश्वासन दिया कि जैसे ही सर्वर चालू होगा, किसानों को खाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस तकनीकी समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है और सर्वर ठीक होने का इंतजार किया जा रहा है।
दिनभर समिति पर किसानों की भीड़ लगी रही। किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सर्वर की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि समय पर खाद उपलब्ध हो सके और खेती का कार्य प्रभावित न हो।
