डग्गामार ऑटो स्टैंड पर कार्रवाई न होने से परिवहन विभाग को नुकसान
पवन प्रभात खागा/फतेहपुर। खागा कस्बे में अवैध डग्गामार ऑटो स्टैंडों का संचालन थमने का नाम नहीं ले रहा है। कस्बे के कई प्रमुख स्थानों पर खुलेआम ऑटो सवारियां भरकर विभिन्न मार्गों के लिए रवाना हो रहे हैं। इससे एक ओर जहां सरकारी राजस्व को प्रतिदिन हजारों रुपये का नुकसान पहुंचने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर रोडवेज बसों की सवारियां भी लगातार प्रभावित हो रही हैं।
कस्बे में कोतवाली के पास से अझुवा, भादर और नौबस्ता मार्ग के लिए, जबकि चौकी चौराहा और ब्लॉक परिसर के समीप से किशनपुर, खखरेरू सहित अन्य क्षेत्रों के लिए ऑटो सवारियां भरते हैं। दिनभर इन स्थानों पर ऑटो चालकों की भीड़ लगी रहती है और बिना किसी रोक-टोक के सवारियां बैठाकर वाहन रवाना किए जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो घर के नजदीक तक पहुंचा देते हैं और किराया भी अपेक्षाकृत कम पड़ता है। यही कारण है कि जल्द गंतव्य तक पहुंचने की चाह में अधिकांश यात्री रोडवेज बसों की बजाय ऑटो का विकल्प चुन रहे हैं। इसका सीधा असर रोडवेज की आय पर पड़ रहा है। रोडवेज कर्मी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध ऑटो स्टैंडों के संचालन की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि इन अवैध स्टैंडों पर अंकुश लगाया जाए तो रोडवेज की सवारियां बढ़ेंगी और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान पर भी रोक लग सकेगी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर अवैध स्टैंड लगने से अक्सर जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से अभियान चलाकर अवैध स्टैंडों पर कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।
