पवन प्रभात फतेहपुर। जिले के ललौली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। बहुआ कस्बे के पास सड़क किनारे खड़े अजय कुमार पासवान (35) को तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉला ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉला छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर बहुआ निवासी अजय कुमार पासवान पुत्र शंकर लाल मंगलवार दोपहर बहुआ चौराहे के पास सड़क किनारे खड़े होकर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर की ओर से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉला ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही अजय सड़क पर गिर गए। इसके बाद ट्रॉला उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में उनके गर्दन के पास गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से अजय को पहले सीएचसी गाजीपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।अजय अपने पिता की आरा मशीन पर काम में सहयोग करते थे और परिवार के भरण-पोषण में मदद करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार में मां राजरानी, पत्नी रूपल देवी और दो बच्चे 8 वर्षीय श्रष्टि और 3 वर्षीय आदर्श हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉला छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की तलाश कर रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
