धाता में शादी का झांसा देकर किन्नर से 5 लाख की ठगी, अप्राकृतिक संबंध बनाने और जहरीला पदार्थ पिलाने का भी आरोप

पवन प्रभात फतेहपुर। धाता विकास खंड में एक किन्नर ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किन्नर का कहना है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उससे करीब पांच लाख रुपये ठगे, जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाए और विरोध करने पर कोल्डड्रिंक में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। घटना के बाद किन्नर बेहोशी की हालत में गांव के बाहर मिला, जिसके बाद उसे कौशांबी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।पीड़ित किन्नर के अनुसार, लगभग चार वर्ष पूर्व उसकी कौशांबी जनपद के कड़ा धाम स्थित एक मंदिर में आरोपी युवक से शादी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार अप्राकृतिक संबंध बनाए।करीब छह माह पहले युवक के कहने पर पीड़ित का दिल्ली स्थित एक अस्पताल में जेंडर परिवर्तन भी कराया गया। इसके बावजूद, युवक ने शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाना जारी रखा और घर बनवाने के नाम पर पीड़ित से करीब पांच लाख रुपये ले लिए।पीड़ित का आरोप है कि जब उसने युवक के साथ रहने और शादी के बाद जीवन बिताने का दबाव बनाया, तो युवक ने उसे बहला-फुसलाकर 14 अगस्त को कोल्डड्रिंक में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश होकर गांव के किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए कौशांबी जिला अस्पताल ले गए।पीड़ित ने बताया कि इस घटना के संबंध में तीन दिन पूर्व स्थानीय थाने में तहरीर दी गई थी। आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित ने आरोपी के परिजनों पर उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।इस मामले पर कार्यवाहक खखरेरू थाना प्रभारी श्याम सुंदर गिरी ने बताया कि उन्हें तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!