पवन प्रभात फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि गांव-गांव जाकर किसानों को एकजुट करने का काम किया जाएगा। जिससे सितंबर माह में संबंधित विभागों को अवगत कराया जा सके। समस्या निस्तारण न होने पर अक्टूबर माह में सतनरैनी रेलवे स्टेशन पर विशाल पंचायत की जाएगी। नहर कालोनी के निरीक्षण भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने की। बैठक में उपस्थित नेताओं के साथ-साथ किसानों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संगठन को रूबरू कराया। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बने कृषि फीडरों से रात्रि में किसानों के नलकूपों में बिजली नहीं मिली। इतना ही नहीं प्राइवेट दुकानदारों से खाद निर्धारित मूल्य पर दिलाई जाए। तत्पश्चात निर्णय लिया गया कि किसानों की समस्याओं को लेकर गांव-गांव जाकर सभी को एकजुट किया जाएगा और सितंबर माह में संबंधित विभागों को अवगत कराकर समस्या निस्तारण का प्रयास होगा। इसके बावजूद समस्या का निस्तारण न होने पर अक्टूबर माह में सतनरैनी रेलवे स्टेशन पर विशाल किसान पंचायत का आयोजन होगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में मो. नदीम निवासी सरांय खरगू को युवा विंग का जिला महामंत्री व सत्यम सिंह को ब्लाक अध्यक्ष विजयीपुर नियुक्त किया गया। इस मौके पर अंकित सिंह चौहान, पुत्तन द्विवेदी, प्रीतम सिंह, छोटे सिंह, महेन्द्र सिंह, बबलू सिंह, दीपक गुप्ता, मो. मुस्ताक, नरसिंह यादव, अजय प्रजापति, मो0 आजम, सोनू सिंह, शैलेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, शिवबदन सिंह, उमेश आदि मौजूद रहे।
