पवन प्रभात खागा/फतेहपुर।सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र का नौबस्ता गंगा घाट सावन माह में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। सावन के आखिरी सोमवार को सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ घाट पर उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे भक्तों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।प्रशासन के आकलन के अनुसार पूरे सावन माह में नौबस्ता गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु अपने साथ गंगाजल लेकर मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। कई स्थानों पर पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण भी किया जाता है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। वहीं किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोरों को भी मुस्तैद रखा गया। पुलिस टीम लगातार घाट और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी करती रही तथा श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की।सावन के पहले तीन सोमवार का गंगा स्नान कार्यक्रम सकुशल संपन्न होने के बाद आखिरी सोमवार को भी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। भीड़ के बीच पुलिसकर्मी लगातार लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकते रहे। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से गंगा स्नान और पूजा-अर्चना कर सावन के आखिरी सोमवार का पर्व मनाया।
